रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए जैसे-जैसे चुनावी बिसात बिछ रही है। वैसे-वैसे विक्षुब्धों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। भाजपा, कांग्रेस और झामुमो से टिकट की आस लगा रखे ऐसे संभावित प्रत्याशी अब उम्मीदवारों के एलान के बाद आजसू के पाले में आने को आतुर दिख रहे हैं। विक्षुब्धों की पहली पसंद बनी आजसू पार्टी में आज कई दिग्गज शामिल हुए। इस बारे में सुदेश महतो ने मंगलवार को दोपहर 2 बजे प्रेस कांफ्रेंस किया।प्रेस वार्ता में सुदेश महतो ने कहा कि एनडीए गठबंधन मेें बने रहने के लिए वे भाजपा के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। कहा कि उधर से जवाब आने पर वे भी जवाब देने में देरी नहीं करेंगे। सुदेश ने सीटों को लेकर तालमेल नहीं बनने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि लोहरदगा और चंदनकियारी आजसू की सीटें थीं। भाजपा इस सीट के लिए बाहर से प्रत्याशी लाई। सुदेश ने कहा कि दूसरे दलों के और भी नेता आजसू में आने के लिए तैयार हैं।भाजपा के मुख्य सचेतक राधाकृष्ण किशोर ने इस क्रम में सुदेश महतो से मिलकर आजसू का दामन थामा। उन्हें भाजपा से टिकट नहीं मिला है। आजसू में शामिल हो रहे राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि फूल छोड़कर फल प्राप्त कर रहा हूं। भाजपा छोड़ने के सवाल पर बोले कि जहां निष्ठा एवं समर्पण की कद्र न हो, वहां से निकलना ही बेहतर है। कांग्रेस के सरोज दुबे ने भी सुदेश महतो की उपस्थिति में आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
Jharkhand Assembly Election 2019: आजसू के हुए राधाकृष्ण किशोर, विक्षुब्धों के लिए खुला सुदेश महतो का द्वार